योगी की प्रदेश व केन्द्र की मोदी सरकार का अंत तय: सपा

योगी की प्रदेश व केन्द्र की मोदी सरकार का अंत तय: सपा

इटावा। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता प्रो.रामगोपाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आड़े हाथों देते हुए कहा कि 2022 में प्रदेश की योगी और 2024 में केंद्र की मोदी सरकार का अंत तय है। प्रो.यादव आज सैफई में महानदल की जनाक्रोश रैली को बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे । उन्होंने कहा कि केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार सड़के बेच रही है। रेलवे समेत देश की तमाम संपत्ति चार पांच उद्योगपतियों के हाथ में बेच रहे है । उन्होंने कहा कि यह मामूली बात नहीं है और कुछ दिनों में सब निजी हाथों में चला जाएगा। निजी हाथों में जाने के बाद आरक्षण भी खत्म हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि यहां की सरकार अन्याय की पर्यायवाची हो गयी है महिलाएं बेरोजगारों और युवाओ के खिलाफ़ फर्जी मुकदमे दर्ज हो रहे है। सरकार को हटाने के लिए लोगो को सड़कों पर उतरना होगा यह सरकार कोरोन काल में लोगो को आक्सीजन और चिकित्सीय सुविधा नहीं दे पाई प्रदेश सरकार कह रही है कि 23 हजार लोग मरे है लेकिन हकीकत में पंद्रह से सत्तरह लाख लोग मरे है । उन्होंने सरकार पर कोरोना से हुई मौत के आकंडे को छुपाने का आरोप लगाया।

सपा प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र की जुल्मी और प्रदेश की निर्दयी सरकार कब तक चलेगी 2022 में प्रदेश से और 2024 में केंद्र से इन लोगो की सरकार चली जायेगी। उन्होंने लोगो से हाथ उठवाकर विधानसभा चुनाव में सपा और महानदल के प्रत्याशी को बिना किसी भेदभाव के वोट देने का आश्वासन लिया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अत्याचार और अन्याय की पराकाष्ठा हो गयी है । प्रदेश सरकार अन्याय की पर्याय बन गयी है। किसान, बेरोजगार, नौजवान, महिलाएं अपना हक मांगती है तो लाठीचार्ज होता है । कदम-कदम पर अन्याय हो रहा है। ऐसी स्थिति में सरकार को हटाने के अलावा और कोई रास्ता नहीं अन्यथा देश भुखमरी के कगार पर पहुंच जाएगा।

प्रो0 रामगोपाल ने कहा कि महान दल ने समाजवादी पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का निश्चय किया, इसका स्वागत है। इसके लिए धन्यवाद। महान दल के कार्यकर्ताओं को अपना पुराना इतिहास याद रखना होगा। उन्हें मिटाने का काम किया गया।

इस मौके पर महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने कहा कि सैफई की धरती हमारे लिए तीर्थ स्थल से कम नहीं है। महान दल और समाजवादी पार्टी का रिश्ता कुर्सी और स्वार्थ के लिए नहीं बल्कि दलित, पिछड़ों, गरीबों के मान-सम्मान को बचाने और संविधान की रक्षा के लिए है।

श्री मौर्य ने कहा कि आज लोकतंत्र की हत्या हो रही है। संविधान जलाया जा रहा है। भाजपा चुप है। भाजपा जनता के साथ अत्याचार कर रही है। कोरोना काल में जनता के साथ अन्याय हुआ है। जनता यह अन्याय अत्याचार भूल नहीं सकती। पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छू रही है। भाजपा संविधान और दलित, पिछड़ों का अस्तित्व समाप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि महान दल के कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी गठबंधन के हर प्रत्याशी को जिताकर सपा की सरकार बनाने का काम करेंगे।

इस मौके पर बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि महान दल के साथ पार्टी का गठबंधन दिलों का गठबंधन है। महान दल पूरी भावना के साथ गठबंधन के साथ काम कर रही है। भाजपा ने पिछड़ों को ठगने का काम किया है। सपा सरकार बनने पर फिर से जनता के हित के कार्य शुरू किए जाएंगे। महान दल की 16 अगस्त को पीलीभीत से प्रारम्भ हुई जनाक्रोश यात्रा का समापन आज सैफई इटावा में हुआ। समाजवादी पार्टी के समर्थन में सौलह जून को महान दल ने पीलीभीत जिले से जन आक्रोश यात्रा की शुरुआत की थी