रामायण सर्किट में शामिल होगा सुलतानपुर:मेनका गांधी  

रामायण सर्किट में शामिल होगा सुलतानपुर:मेनका गांधी   

सुलतानपुर। सुलतानपुर से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि जिले के धार्मिक स्थलों को राम-वन-गमन-पथ में जोड़कर शीघ्र ही इसे रामायण सर्किट में भी शामिल कर लिया जाएगा और इससे जुड़ने के बाद इन धार्मिक स्थलों का तेजी से विस्तार कर उनका सौन्दर्यकरण किया जाएगा। गांधी अपने निर्वाचन क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर गुरुवार को यहां पहुंची। उनका जिले की सीमा अलीगंज टोल प्लाजा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि जिले के धार्मिक स्थलों सीताकुंड, धोपाप व बिजेथुआ महावीरन को राम-वन-गमन-पथ में जोड़े जाने के बाद शीघ्र ही इसे रामायण सर्किट में भी शामिल कर लिया जाएगा। इसकी संस्तुति का पत्र केंद्र सरकार को भेजा गया है जहां पर वह प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि रामायण सर्किट में जुड़ने के बाद इन धार्मिक स्थलों का तीव्र गति से विस्तार कर उनका सौन्दर्यकरण किया जाएगा।

श्रीमती गांधी ने कहा कि पशुओं के प्रति उच्च अदालत की संवेदनशीलता प्रशंसनीय है। सरकारें जिस दिन पशु वध रोकने में कामयाब हों जाएंगी, उसी दिन इस निर्णय की सार्थकता होगी। गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने के उच्च न्यायालय की टिप्पणी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इसके साथ-साथ सरकारों को ऊंट, शेर, चीता, भालू, हिरण के वध पर भी प्रतिबंध लगाना होगा। राजस्व परिषद द्वारा सुलतानपुर जनपद का नाम “कुशभवनपुर” किए जाने की संस्तुति पर सांसद मेनका ने आभार जताया है और कहा कि इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों का संयुक्त प्रयास चल रहा था, जिसमें सफलता मिली है।

भाजपा प्रवक्ता व सांसद मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि श्रीमती गांधी अपने तीन दिवसीय दौरे में शुक्रवार को कुड़वार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में रैन बसेरा व अन्य कार्यों का लोकार्पण करेंगी। सांसद मेनका गांधी ने आज यहां पहुंचने पर शहर के नरायनपुर वार्ड में बलराम दूबे के आवास पर जाकर नवजात शिशु की बरही में शामिल होकर बच्चें को आशीर्वाद दिया। इसके बाद सांसद श्रीमती गांधी ने आवास पर पहुंचकर अनेक लोगों की समस्याओं को सुना और समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।