ED के सामने सोनिया गांधी की पेशी आज, कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन

ED के सामने सोनिया गांधी की पेशी आज, कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन

नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी आज प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष पेश होंगी। उन्हें पहले ही ईडी के सामने पेश हो जाना था, लेकिन पहले तो खराब तबियत, फिर कोविड की वजह से ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने ईडी से समय मांगा था कि उनके ठीक होने तक उन्हें मोहलत दी जाए। वह सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस मुख्यालय से ईडी कार्यालय के लिए रवाना होंगी।  यह पहला मौका है जब कोई संघीय जांच एजेंसी कांग्रेस अध्यक्ष से पूछताछ करेगी। इससे पहले, ईडी ने दिल्ली में एजेंसी के मुख्यालय में राहुल गांधी से पांच दिनों में 50 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी।

कांग्रेस करेगी देश व्यापी विरोध-प्रदर्शन

ED द्वारा सोनिया गांधी से पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस ने अपनी राज्य इकाइयों से अपने-अपने क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन करने को कहा है।  इस मामले में रणनीति पर चर्चा और अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के घर में बैठक हुई।  राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि बैठक में सभी ने विपक्ष की आवाज को दबाने के खिलाफ अपना गुस्सा व्यक्त किया है। गहलोत ने कहा, 'कांग्रेस सोनिया गांधी के साथ खड़ी रहेगी। "पार्टी कार्यकर्ता अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर एकत्र होंगे जहां से सोनिया गांधी ईडी कार्यालय के लिए रवाना होंगी। इस दौरान अशोक गहलोत और पार्टी के मीडिया और प्रचार अध्यक्ष पवन खेड़ा मीडिया को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर बुधवार को एक नोट साझा किया गया और कहा, "ईडी सोनिया गांधी को कैसे डरा सकती है, जिनके पूर्वजों ने दुनिया का भूगोल बदल दिया। '