साइकिल यात्राओं के जरिये सपा ने दिखाया दमखम

साइकिल यात्राओं के जरिये सपा ने दिखाया दमखम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जनविरोधी नीतियों को थोपने का आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) ने गुरूवार को प्रदेश भर में साइकिल यात्रायें निकाली। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में साइकिल चलाने से पहले पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से कहा कि भाजपा की नीतियां जनविरोधी हैं। सपा के कामों के नाम बदल करके उद्घाटन किया जा रहा है। भाजपा सरकार में समाज के हर वर्ग का उत्पीड़न हुआ है। भाजपा सरकार ने अपना मेनिफेस्टो (चुनाव घोषणा-पत्र) लागू कर दिया है जबकि अभी तक ऐसा कुछ नहीं किया है। वह ‘मनी फेस्टो‘ वाली पार्टी हो गई है।

श्री यादव के निर्देश पर पूरे प्रदेश में भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने साइकिल यात्राएं निकाली। सड़कों पर आज सपा के लहराते झण्ड़ों के साथ साइकिलों का ही रेला दिखाई दे रहा था। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बरेली में नेता विरोधी दल विधान सभा रामगोविन्द चौधरी ने रायबरेली में, रामजी लाल सुमन ने आगरा में, राष्ट्रीय महासचिव इन्द्रजीत सरोज ने प्रतापगढ़ में, बदायूं में धर्मेन्द्र यादव पूर्व सांसद, समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फहाद ने अलीगढ़ में और यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप तिवारी ने भी झण्डी दिखाकर साइकिल यात्रियों को रवाना किया।

फिरोजाबाद में अक्षय यादव पूर्व सांसद, रामपुर में पूर्व सांसद तंजीम फातिमा, मैनपुरी में लीलावती कुशवाहा प्रदेश अध्यक्ष महिला सभा, इटावा में डाॅ राजपाल कश्यप प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, चित्रकूट में प्रदेश अध्यक्ष शिक्षक सभा डा मान सिंह, वाराणसी महानगर में पूर्व मंत्री उज्ज्वल रमण सिंह, चंदौली में संजय चौहान, सोनभद्र में अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व्यास जी गौड़, आजमगढ़ में पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा, मऊ में पूर्वमंत्री डाॅ मनोज पाण्डेय, सिद्धार्थनगर में पूर्वमंत्री राम प्रसाद चौधरी, गोण्डा में संतोष यादव सनी एम.एल.सी. बहराइच में पूर्व मंत्री राकेश वर्मा समेत अन्य नेताओं ने अपने जिलों में साइकिल यात्रायों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।