Ranji Trophy 2022: चेतेश्वर पुजारा को डेब्यू करने वाले गेंदबाज ने दिया झटका

Ranji Trophy 2022: चेतेश्वर पुजारा को डेब्यू करने वाले गेंदबाज ने दिया झटका

नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी का मौजूदा सीजन की अहमियत टीम इंडिया के दो खिलाड़ियों के लिए सबसे ज्यादा है। क्योंकि इनका टेस्ट करियर रणजी ट्रॉफी के प्रदर्शन पर टिका है। यह दो खिलाड़ी हैं अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा। अगर रणजी ट्रॉफी में इनका बल्ला चला तो इनके टेस्ट करियर को संजीवनी मिल सकती है और अगर ऐसा करने में यह दोनों बल्लेबाज नाकाम रहे, तो फिर टेस्ट करियर खत्म भी हो सकता है। यह दोनों रणजी ट्रॉफी के पहले मैच में ही एक-दूसरे के खिलाफ खेल रहे हैं। रहाणे जहां मुंबई टीम का हिस्सा हैं, तो वहीं पुजारा सौराष्ट्र की टीम में शामिल हैं। अजिंक्य रहाणे ने तो सौराष्ट्र के खिलाफ मैच की पहली पारी में शतक जड़कर अच्छी शुरुआत की। उन्होंने 290 गेंद में 17 चौके और 2 छक्कों की मदद से 129 रन बनाए।

रहाणे ने दोहरा शतक जड़ने वाले सरफराज खान के साथ मिलकर 252 रन की पार्टनरशिप भी की। लेकिन पुजारा की रणजी ट्रॉफी में वापसी अच्छी नहीं रही और वो 4 गेंद में ही आउट हो गए और उनका खाता तक नहीं खुला। इस फीके प्रदर्शन के बाद पुजारा पर दबाव और बढ़ेगा। क्योंकि उनके टेस्ट करियर और कितना लंबा चलेगा, वो रणजी ट्रॉफी में उनके प्रदर्शन पर ही निर्भर करेगा।