CM फेस वाले बयान से प्रियंका गांधी का यूटर्न, बोलीं- वो तो मैंने थोड़ा चिढ़कर कह दिया था

CM फेस वाले बयान से प्रियंका गांधी का यूटर्न, बोलीं- वो तो मैंने थोड़ा चिढ़कर कह दिया था

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर खुद को कांग्रेस का सीएम फेस बताने पर मचे सियासी घमासान के बीच प्रियंका गांधी ने एक तरह से यूटर्न ले लिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि वह उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी का एकमात्र चेहरा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का चेहरा होने के बारे में मीडिया से बार-बार पूछे गए सवालों के जवाब में शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मैंने थोड़ा चिढ़कर कह दिया था।

एक सवाल के जवाब में कि आपकी पार्टी आपको मुख्यमंत्री का चेहरा क्यों नहीं घोषित कर देती क्या हेजिटेशन है, प्रियंका गांधी ने कहा कि कोई हेजिटेशन नहीं है। कहीं मेरी पार्टी तय करती है और कहीं नहीं करती है। यह मेरी पार्टी के काम करने का तरीका है। इसमें कोई हेजिटेशन नहीं है। मुख्यमंत्री का उम्मीदवार कौन होगा, यह पार्टी तय करेगी और कुछ राज्यों में अब तक इसे लेकर फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘मैं यह नहीं कह रही हूं कि मैं ही चेहरा हूं। वो तो मैंने थोड़ा चिढ़कर (हंसते हुए) कह दिया था, क्योंकि बार-बार आपलोग यही सवाल कर रहे हैं।’