खरगे का कांग्रेस अध्यक्ष बनना तय, गांधी परिवार और जी-23 का साथ, वाइल्ड कार्ड एंट्री से बदला खेल

खरगे का कांग्रेस अध्यक्ष बनना तय, गांधी परिवार और जी-23 का साथ, वाइल्ड कार्ड एंट्री से बदला खेल

नई दिल्ली। कांग्रेस का अगला अध्यक्ष गैर गांधी परिवार व दक्षिण भारत से होगा। कर्नाटक के दिग्गज नेता मल्लिकार्जुन खरगे का नया पार्टी अध्यक्ष बनना तय है। हालांकि, चुनाव में उनका मुकाबला  सांसद शशि थरूर से होगा। अचानक ही पद की दौड़ में शामिल हुए खरगे का जी-23 के नेताओं ने भी समर्थन किया है।

खरगे ने नामांकन के तीन सेट दाखिल किए, जिनमें इन नाराज नेताओं और एक दिन पहले तक अध्यक्ष पद के दावेदार दिग्विजय सिंह व अशोक गहलोत समेत 30 वरिष्ठ नेता उनके प्रस्तावक बने हैं। नामांकन के आखिरी दिन शुक्रवार तक सियासी नाटक जारी रहा। पांच दशक से गांधी परिवार के विश्वासपात्र खरगे सुबह 11 बजे से पहले सोनिया गांधी के घर पहुंचे, वहां से सीधे पार्टी मुख्यालय जाकर अध्यक्ष पद का परचा भरा। उनके पहले थरूर परचा भरकर जा चुके थे। झारखंड के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने भी परचा भरा है, पर उनकी दावेदारी गंभीर नहीं मानी जा रही।

मैं पार्टी में बड़े बदलाव के लिए चुनाव लड़ रहा हूं। मैं सभी से वोट देने की अपील करता हूं। सभी राज्यों से मुझे समर्थन देने वाले वरिष्ठ नेताओं का भी धन्यवाद। 

-मल्लिकार्जुन खरगे