गाजीपुर : जिपं सदस्य सपना सिंह ने ली भाजपा की सदस्यता, अध्यक्ष पद की दावेदारी मजबूत

गाजीपुर : जिपं सदस्य सपना सिंह ने ली भाजपा की सदस्यता, अध्यक्ष पद की दावेदारी मजबूत

गाजीपुर । गुरुवार की दोपहर राजनैतिक घटनाक्रम के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदार सपना सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए सियासी हलचल पैदा कर दी है। भाजपा विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह ’चंचल’ की रिश्तेदार सपना सिंह निर्दल प्रत्याशी के रूप में जिला पंचायत सदस्य चुनी गई थी। जिन्होंने सपा के कद्दावर नेता व पूर्व सांसद राधामोहन सिंह की पत्नी को पराजित किया था। इस जीत के बाद लगातार उनके जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा उम्मीदवार बनने की कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि लोकसभा चुनाव के समय पार्टी में शामिल हुए विजय यादव वर्तमान प्रदेश मंत्री भाजपा किसान मोर्चा की पत्नी वंदना यादव पहले से ही भाजपा के बैनरतले जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर अध्यक्ष पद के लिए तगड़ी दावेदारी प्रस्तुत कर रही थी। लेकिन पिछले कई दिनों से भाजपा के टिकट की दावेदारी को लेकर सपना सिंह और वंदना यादव के बीच रस्साकशी चल रही थी। एक तरफ जहां वंदना यादव के पति भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री डॉ विजय यादव हैं, वहीं दूसरी तरफ सपना सिंह के बेहद करीबी रिश्तेदार एमएलसी विशाल सिंह ’चंचल’ हैं। दोनों के बीच टिकट की दावेदारी को लेकर जोर आजमाइश चल रही है। ऐसे में गुरुवार को सपना सिंह का भाजपा की सदस्यता ग्रहण करना साफ इशारा करता है कि भारतीय जनता पार्टी जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर उम्मीदवारी की एकराय नहीं है। फिलहाल सियासी सरगर्मी बढ़ी हुई है। 

खास बात यह कि जनपद में यह चर्चा बड़ी तेजी से थी सपना सिंह भाजपा की सदस्य नहीं हैं। ऐसे में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जिला संगठन द्वारा हाईकमान को एकमात्र नाम वंदना यादव का ही भेजा गया था। लेकिन विशाल सिंह ’चंचल’ की प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से निकटता व लगातार जोर आजमाइश के बीच गुरुवार दोपहर पार्टी की सदस्यता लेने के बाद चर्चाओं का बाजार तेज हो गया। 

जनपद में पिछले दो-तीन दिनों से यह चर्चा बहुत तेज हो चली थी कि टिकट की दावेदारी को लेकर तीन दिन पूर्व प्रभारी मंत्री आनंद स्वरूप व संगठन के एक बड़े नेता के सामने दोनों पक्षों द्वारा जिला पंचायत सदस्यों की परेड कराई गई। जिसमें सपना सिंह के तरफ से लगभग 34 सदस्य उपस्थित हुए। वहीं वंदना यादव के पति विजय यादव अपने पक्ष में 17 सदस्य उपस्थित करा पाए थे। अब देखना यह है कि गाजीपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा किसे अपना उम्मीदवार चुनती है। गौरतलब हो की 26 जून पर्चा दाखिल होगा। ऐसे में महज एक दो दिन ही शेष रह गए हैं।