Health Tips : इम्यूनिटी बढ़ाने में हेल्प करता है दही, पढ़ें क्या है दही खानें का सही टाइम

दही को रोजाना अपनी डाइट में शामिल करने से सेहत को कई सारे फायदे मिलते हैं। दही स्वाद से तो भरपूर होता ही है साथ ही इसमें पोषक तत्व भी काफी मात्रा में होते हैं। जो सेहत के साथ आपकी स्किन को भी फायदे...

Health Tips : इम्यूनिटी बढ़ाने में हेल्प करता है दही, पढ़ें क्या है दही खानें का सही टाइम

फीचर्स डेस्क। दही (Curd) जितना स्वाद से भरपूर होता है, उतना ही शरीर के लिए फायदेमंद भी होता है। ऐसा इसलिए क्योंकि दही में कैल्शियम, राइबोफ्लेविन, विटामिन बी6 और विटामिन बी12 जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं जो सेहत (Health) को कई सारे फायदे (Benefits) पहुंचाते हैं। लेकिन बेहतर होगा कि सर्दी के मौसम में दही  का सेवन  सुबह या दोपहर के ही समय करें। शाम या रात में दही खाने से आपको जुकाम होने का खतरा बना रहता है। बता दें कि दिन के समय दही का सेवन करने से आपकी इम्यूनिटी तो स्ट्रांग बनती ही है साथ ही कई और सारे फायदे भी सेहत को मिलते हैं। आइये जानते हैं दही खाने के फायदों के बारे में

पाचन शक्ति होगी मजबूत

अगर आप खाना पचाने में बहुत कठिनाईयों का सामना करते हैं, तो आपको दही का सेवन रोजाना अवश्य करना चाहिए। दही के सेवन से आपके पेट से संबंधित कई परेशानियां दूर हो सकती हैं। दही में मौजूद न्यूट्रिशन आपकी पाचन शक्ति बढ़ाता है। जिससे आपको खाना पचाने में भी बहुत आसानी होगी।

मजबूत करें हड्डियां

दही पोषक तत्वों से भरपूर है और इसमें कैल्शियम भी अधिक मात्रा में मौजूद होता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है। अगर आपको सर्दियों के कारण हड्डियों से संबंधित कोई भी परेशानी हो रही है तो दही का सेवन आपके लिए बहुत लाभकारी हो सकता है।

बेहतर मॉइश्चराइजर है दही

आज कल सभी लोग नेचुरल प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करना पसंद करते है, क्योंकि केमिकल बेस्ड प्रॉडक्ट्स से स्किन को नुकसान हो सकता है।  आप सर्दियों में अगर अपनी स्किन को रूखा और बेजान होने से बचाने के लिए मॉइस्चराइज़र लगाते हैं तो दही एक बेहतर मॉइस्चराइज़र के तौर पर काम कर सकता है। ये स्किन को गहराई से मॉइस्चराइज़ करता है और स्किन को सॉफ्ट बनाने में मदद करता है। आप इसे बेसन या शहद के साथ मिलाकर फेस पैक की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

बेली फैट होगा कम

दही एक ऐसा पदार्थ है जो वजन को कंट्रोल करने में मदद करता है।  इसका रोज सेवन करने से आपके वजन का बढ़ना कम हो सकता है।  इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन होता है जिससे आपको बॉडी बिल्डिंग में भी सहायता मिल सकती है।

दही बढ़ाए इम्यूनिटी

आजकल के समय में इम्यूनिटी सबसे जरूरी हो चुकी है। इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए हम दही को रोजाना अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इसमें मौजूद गुड बैक्टीरिया आपकी इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में आपकी मदद करेंगे और आपकी बॉडी में इंफेक्शन होने की संभावना काफी कम हो जाएगी।