गोरखपुर : भाजपा व सपा प्रत्याशियों में विवाद, सपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य घायल

गोरखपुर : भाजपा व सपा प्रत्याशियों में विवाद, सपा के पूर्व  जिला पंचायत सदस्य घायल

गोरखपुर। गोरखपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान शनिवार को भाजपा व सपा कार्यकर्ताओं के बीच बवाल हो गया। बवाल में सपा के पूर्व सदस्य की पिटाई होने से हालत गंभीर है। राजनीतिक दलों में टकराव की जानकारी पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है और हालात काबू करने में जुटा हुआ है।  दरअसल, भाजपा समर्थकों ने सपा प्रत्याशियों को कलेक्ट्रेट मेन गेट पर रोक लिया। जिससे दोनों तरफ के कार्यकर्ताओं में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य पारस यादव की जमकर पिटाई कर दी। नामांकन के दौरान दो दलों में बवाल की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन श्रीवास्तव पहुंच गए और भाजपा समर्थकों को समझाने में जुटे रहे। 

उधर, जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी साधना सिंह ने 12:30 बजे नामांकन पत्र दाखिल किया। जबकि समाजवादी पार्टी ने अंतिम समय में अपना प्रत्याशी बदल दिया। अब आलोक गुप्ता की जगह बड़हलगंज वार्ड नंबर 47 से जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र यादव को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश न मिलने के कारण जितेंद्र यादव पर्चा दाखिल नहीं कर सके।