फिरोजाबाद : जिलाध्यक्ष समेत 350 सपा के कार्यकताओं पर केस दर्ज

फिरोजाबाद : जिलाध्यक्ष समेत 350 सपा के कार्यकताओं पर केस दर्ज

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में साइकिल रैली के दौरान कोविड प्रोटोकॉल और धारा 144 का उल्लंघन के आरोप में समाजवादी पार्टी (सपा) जिलाध्यक्ष समेत 350 कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरुवार को सपा कार्यकर्ताओं ने जिले के विधानसभा इलाके में साईकिल यात्रा निकाली थी। सपा का यह आंदोलन प्रदेश व्यापी था। फिरोजाबाद जिले में यह आंदोलन बगैर अनुमति के किया जा गया था।


उन्होंने कहा कि जिले के शिकोहाबाद शहर में पुलिस ने सपा नेताओं से जब साइकिल रैली की अनुमति पत्र दिखाने को कहा तो सपा नेता नहीं दिखा सके थे, जिसके बाद पुलिस ने साइकिल यात्रा को रोकने की कोशिश की थी। यात्रा रोके जाने को लेकर सपा नेताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुयी थी। नाराज सपाईयों ने हंगामा किया और साइकिलों की सड़क पर फेंक कर धरने पर बैठ गए थे।


प्रवक्ता ने बताया कि साइकिल रैली को लेकर जिले के शिकोहाबाद और रसूलपुर थाने में धारा 144 के उल्लंघन और कोविड महामारी अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज किए गए हैं। जिसमें पहला मुकदमा शिकोहाबाद थाने में 200 सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कराया गया है, जिसे खुद कोतवाल बृजेश कुमार सिंह द्वारा दर्ज कराया है जबकि दूसरा केस रसूलपुर में 150 सपाईयों के खिलाफ दर्ज किया गया है, जिसमें जिलाध्यक्ष डीपी यादव समेत 35-40 लोगों को नामजद समेत 150 अज्ञात है। रसूलपुर थाना प्रभारी अजय किशोर का कहना है कि जो केस दर्ज हुआ है उसमें जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।