उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने आवास पर सुनी जनता की फरियाद, निराकरण का दिया आश्वासन

उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने आवास पर सुनी जनता की फरियाद, निराकरण का दिया आश्वासन

लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने सात  कालीदास मार्ग स्थित आवास पर लगभग 36 जिलों से आये लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान एक-एक व्यक्ति की समस्या को पूरी गम्भीरता से सुना। साथ ही समस्याओं के निराकरण के लिए विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी व पुलिस अधिकारी से बात की। जनता दर्शन में बुजुर्ग, महिलाएं, पुरुष एवं दिव्यांग सहित करीब 200 लोगों ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्यायें रखी। बतायी गयी समस्याओं में मुख्य रूप से आवास, राशन न मिलना, अवैध कब्जा, पेन्सन, ऋणमाफी, नौकरी, मारपीट, राजस्व अधिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास, सड़कों, शादी के लिए सहायता, जमीन का विवाद, चिकित्सा सहायता आदि थीं। 

 जनता दर्शन में आए दिव्यांगों से उपमुख्यमंत्री ने स्वयं आगे बढ़कर उनके पास जाकर उनकी समस्याएं सुनी और त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को निदेर्शित किया।मरीजों के इलाज के लिए उपमुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता दिलाने का विश्वास दिलाया और प्रत्येक व्यक्ति की हर सम्भव मदद के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

 जनता दर्शन में जनपद एटा से दिव्यांगजनों में संजय कुमार, लखनऊ से मुशीर आलम, आजमगढ़ से राकेश सोनकर, बाराबंकी से अंजनी गौड़ आदि ने उपमुख्यमंत्री को अपनी समस्या से अवगत कराया। केशव ने सभी को आश्वासन दिया है कि उनकी समस्या जल्द से जल्द से दूर हो जायेगी। जनता दर्शन के दौरान कई प्रमुख संगठनों के पदाधिकारी भी उपमुख्यमंत्री से मिले।