बुंदेलखण्ड विश्वविद्यालय के 27वॉ दीक्षान्त समारोह में 70577 विद्यार्थियों को प्रदान की गई उपाधि

झॉसी। बुंदेलखण्ड विश्वविद्यालय झॉसी का 27वॉ दीक्षान्त समारोह राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की अध्यक्षता में मंगलवार को सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर समारोह को सम्बोधित करते हुये राज्यपाल ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। विद्यार्थियों को आगामी जीवन की चुनौतियां का सामना करने के लिये तैयार होने की प्रेरणा देते हुये कहा राज्यपाल ने कहा कि नवीन चुनौतियां सामने आती रहती है, इसलिये आने वाले कल की चुनौतियों का विश्लेषण करके भविष्य की योजनाएं बनायें।

अपने सम्बोधन में राज्यपाल ने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देते हुये आत्मनिर्भर भारत में सहयोग देने के लिये प्रेरित किया। इसी क्रम में  भारत की नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में आत्मनिर्भरता के अवसरों की चर्चा की।  बुंदेलखण्ड विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति के तहत विविध पाठ्यक्रमों के संचालन, बुंदेली व्यंजनों और गौरव गाथाओं पर पुस्तकों का प्रकाशन, सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में सहयोग, विविध अनुसंधान कार्यों को बढ़ावा देने की प्रशंसा की।  बताया कि भारत की युवाशक्ति के कारण पूरा विश्व भारत की ओर उम्मीद की नजर से देख रहा है।

तेजी से बदलती वैश्विक परिस्थितियों की चर्चा करते हुये विद्यार्थियों को नवीनताओं से जुड़ने और फ्यूचर स्किल के लिये खुद को तैयार करने हेतु प्रेरित किया। इसी क्रम में  भारत को विश्व स्तर पर एक सशक्त देश के रूप में प्रतिष्ठित करने के लिये केन्द्र और प्रदेश सरकार द्वारा लागू विविध योजनाओं, विकास कार्यों और उनमें युवाओं के लिये उत्पन्न हो रहे अवसरों की चर्चा भी की। झांसी के डिफेंस कारिडोर में संभावित उद्योगों में बनने वाले उपकरणों को देखते हुए विद्यार्थियों को समुचित प्रशिक्षण दिए जाने पर बल दिया। राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों के कौशल को बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया जाना चाहिए।

विद्यार्थियों का ध्यान जलवायु परिवर्तन की ओर आकृष्ट करते हुये  पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और जलसंरक्षण पर भी चर्चा की। गिरते भूजल पर चिन्ता व्यक्त करते हुये  कहा कि विश्वविद्यालय एक वर्ष में जितना जल उपयोग में लाते हैं उतने जल संरक्षण का प्रभावी प्रयास करें।  देश में मोटे अनाज के घटते उत्पादन पर भी चिन्ता प्रकट की और कहा कि स्वास्थ्य की दृष्टि से लाभकारी होने के कारण आज दुनिया भर में इसकी मांग बढ़ी है।  विश्वविद्यालय स्तर पर इसके प्रयोग के लाभ और व्यंजनों का प्रचार-प्रसार कराने को कहा।

समारोह में  भारत में जी-20 देशों की बैठकों की जानकारी देते हुए बताया कि ये बैठकें मानवता के कल्याण के लिए ‘‘वसुधैव कुटुम्बकम‘‘ की थीम पर आधारित हैं। उत्तर प्रदेश के चार शहरों आगरा, वाराणसी, लखनऊ, ग्रेटर नोयडा में भी 01 दिसम्बर, 2022 से 30 नवम्बर, 2023 तक इसकी बैठकें आयोजित हो रही हैं।  विश्वविद्यालय को इस इवेंट में उत्साह के साथ प्रतिभागिता के लिए प्रोत्साहित किया। राज्यपाल ने  कहा कि विश्वविद्यालय ऐसे मेधावी विद्यार्थियों का चयन करें, जो विदेशी भाषा के जानकार हों। ये छात्र जी-20 देशों के प्रतिनिधियों से संवाद करके जानकारियों के प्रचार-प्रसार, विश्वविद्यालय के नवाचारों, स्टार्टअप तथा अन्य गतिविधियों के डिजिटल प्रचार तथा प्रदर्शनी के अयोजन आदि से हिस्सेदारी कर सकते हैं।

 समारोह में आये कक्षा 06 से 08 तक के विद्यार्थियों को पठन-पाठन सामग्री एवं फल वितरित किए। समारोह में  विश्वविद्यालय की दीक्षान्त सोविनियर - चितेरी, बुंदेली वीथिका पत्रिका, एक नजर में योगा एवं मेडिटेशन-ब्रोशरश् का लोकार्पण भी किया।

दीक्षांत समारोह में विविध पाठ्यक्रमों के कुल 70577 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई। विशेष उपलब्धि प्राप्त करने वाले 01 विद्यार्थी को स्वर्ण पदक, 13 को रजत पदक तथा 19 को कांस्य पदक प्रदान किया गया। 33 विद्यार्थियो को कुलाधिपति पदक तथा 44 विद्यार्थियों को विविध अन्य उपलब्धियों के लिये पदक प्रदान किये गये। 95 विद्यार्थियों को विविध संकायों में शोध उपाधियां प्रदान की गयी।