उत्तर प्रदेश में शीतलहर अपने चरम पर, पांच दर्जन मरीज पहुंचे अस्पताल, एक की मौत

उत्तर प्रदेश में शीतलहर अपने चरम पर, पांच दर्जन मरीज पहुंचे अस्पताल, एक की मौत

लखनऊ। समूचे उत्तर प्रदेश में शीतलहर अपने चरम पर है. बर्फीली पछुआ हवाएं लगातार कहर बरपा रही हैं। सुबह और रात को छोड़िए, दिन में भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। गुरुवार और शुकवार को हलकी धूप निकली। लेकिन वह भी ठंड और गलन कम करने में नाकाम रही। पिछले 24 घंटो में राज्य में सबसे ज्यादा ठंड झांसी में रही। यहां पारा 3.9 डिग्री तक लुढ़क गया। इसके अलावा कानपुर में 4.4 और अयोध्या में 4.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। साथ ही अगले 24 घंटों में कई जिलों में कड़ाके की सर्दी का पूर्वानुमान भी जारी किया है।

इन राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, गोरखपुर, देवरिया, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर में दिन के समय भी ठंड से लोग कापेंगे। वहीँ आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखनऊ, बारांबकी, रायबरेली और अमेठी में घना कोहरा होने की संभावनाएं हैं।

ठंड ने तोड़ा 10 वर्ष का रिकॉर्ड

वाराणसी में अधिकतम तापमान ने 10 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ा है। बीते 10 वर्षों की बात की जाय, तो पारा 14 डिग्री से नीचे नहीं आया था। गुरुवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 13 डिग्री व न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पछुआ हवाओं ने लोगों को घरों में दुबके रहने पर मजबूर कर दिया है। गुरुवार और शुकवार को निकली हलकी धूप भी लोगों की ठिठुरन भगाने में असफल रही। लोग जहां-तहां बैठे काँप रहे हैं। घाटों और गलियों में लोग गलन के मरे बेहाल हैं।

अभी और बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा दी है। वाराणसी में अभी और ठंड बढ़ने का अनुमान है। यहां अभी और ठंड बढ़ेगी। ठंड और शीतलहर के कारण वाराणसी में इंटर तक के सभी स्कूल 7 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं।

एक वृद्ध की मौत, दो अज्ञात व्यक्ति भर्ती

वाराणसी। वाराणसी में प्रचंड ठंड पड़ रही है। ठंड से बीमार पांच दर्जन मरीज शुक्रवार को मण्डलीय पहुंचे। इनमें दस मरीज भर्ती कराये गये हैं। जबकि यहाँ भर्ती एक वृद्ध की मौत हो गयी। दो अज्ञात वृद्ध बेहोशी की हालत में भर्ती कराये गये। एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

कड़ाके की पड़ रही ठंड के चपेट में आने से पेट दर्द, कोल्ड डायरिया, सर्दी-जुकाम, सांस फूलने की शिकायत लेकर शुक्रवार को मण्डलीय अस्पताल के बहिरंग विभाग में दो दर्जन बच्चों समेत पांच दर्जन से ज्यादा लोग पहुंचे। इनमें श्रेयांश, शैलेन्द्र, हौसिला प्रसाद, अजय, गुलाम कादिर, रंजीता, माया समेत दस मरीज भर्ती कराये गये। जबकि कैंट स्टेशन के सामने से बीते गुरुवार को मण्डलीय अस्पताल में गम्भीर हालत में भर्ती कराये गये मऊ जिले के कोतवाली क्षेत्र निवासी काशी नरेश 65 की शुक्रवार को मौत हो गयी।

आशंका है कि वृद्ध की मौत ठंड की चपेट में आने से हुई है। उधर महिला अस्पताल में शुक्रवार को सुबह ठंड से अचेत होकर कांप रहे 60 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति को एम्बुलेंस कर्मियों ने अस्पताल में भर्ती कराया। इसी तरह दशाश्वमेघ घाट पर ठंड से कांप रहे 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने बेहोशी की हालत में मण्डलीय अस्पताल में भर्ती कराया।

 अलाव तापते हुए युवक की मौत

वाराणसी में एक ओर जहां ठंड की चपेट में आने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। वहीँ, अलाव तापते समय शुक्रवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। चोलापुर थाना क्षेत्र के सिंहपुर निवासी कमलेश (19 वर्ष) शुकवार की सुबह आग ताप रहे थे। आग के चपेट में आने के बाद कमलेश को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।