लखनऊ पश्चिम और कैंट विधानसभाओं में भविष्य तलाश रहे भाजपा नेता, बढ़ी सक्रियता

लखनऊ पश्चिम और कैंट विधानसभाओं में भविष्य तलाश रहे भाजपा नेता, बढ़ी सक्रियता

लखनऊ। प्रदेश में 2022 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी के कई चेहरे लखनऊ की कैंट विधानसभा और पश्चिम विधानसभा में अपना भविष्य तलाश रहे हैं। विधानसभा चुनाव के लिए इन दो विधानसभा सीटों पर भाजपा नेताओं ने सक्रियता बढ़ गई है। लखनऊ पश्चिम विधानसभा सीट अभी हाल ही में स्थानीय विधायक सुरेश श्रीवास्तव के निधन के बाद खाली हुई है। तेज तर्रार और जनता के बीच लोकप्रिय विधायक सुरेश श्रीवास्तव की कोरोना से लड़ते हुए मृत्यु हो गई थी। इस सीट के खाली होने के बाद सबसे पहला दावा उनके पुत्र सौरभ श्रीवास्तव का है। सौरभ श्रीवास्तव भी कोरोना से पीड़ित हुए और कुछ समय अंतराल के बाद उन्होंने जंग जीत लिया। सौरभ आजकल क्षेत्र की जनता के बीच विभिन्न गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में भाग्य आजमाना चाहते हैं। सौरभ श्रीवास्तव के अलावा लखनऊ पश्चिम सीट से युवा नेता नीरज सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष सूरज श्रीवास्तव, पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री युवा मोर्चा अभिजात मिश्रा, लखनऊ भाजपा के वरिष्ठ नेता अंजनी श्रीवास्तव के नाम की भी चर्चाएँ क्षेत्र में जोरशोर से हो रही है।

लखनऊ पश्चिम की तरह कैंट विधानसभा सीट पर उपचुनाव के बाद विधायक हुए सुरेश तिवारी के पुनः चुनाव लड़ने की संभावनाएं हैं लेकिन भाजपा संगठन कैंट सीट पर दूसरे उम्मीदवार को भी प्रस्तुत कर सकती हैं। जिसका कारण अभी तक सुरेश तिवारी के उम्रदराज होना बताया जा रहा है। कैंट विधानसभा में विधायक सुरेश तिवारी अहम भूमिका निभाते रहे हैं और भाजपा संगठन उन्हें टिकट नहीं देता है तो भी आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है। 

कैंट विधानसभा सीट से भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा, प्रयागराज की सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पुत्र मयंक जोशी, मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव, महापौर संयुक्ता भाटिया की बहू रेशु भाटिया, योगेश दीक्षित, नानक चन्द लखमानी, गुड्डू त्रिपाठी, शिवशरण अवस्थी के नाम टिकट दावेदारों की सूची में शामिल है। लखनऊ में महत्वपूर्ण दोनों विधानसभाओं में भारतीय जनता पार्टी का ही माहौल आज देखने को मिल रहा है लेकिन पूर्व में लखनऊ पश्चिम में समाजवादी पार्टी और कैंट में कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशियों को हराया था। भाजपा संगठन भी दोनों ही विधानसभाओं में जिताऊ प्रत्याशी चयन करना चाहेगी।