अखिलेश ने करहल से भरा नामांकन, पहली बार लड़ रहे विधानसभा चुनाव

अखिलेश ने करहल से भरा नामांकन, पहली बार लड़ रहे विधानसभा चुनाव

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के जरिये विधानसभा के लिए पहली बार अपना भाग्य अजमाने जा रहे सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सोमवार को मैनपुरी के करहल में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। यह समाजवादी पार्टी की परंपरागत सीट मानी जाती है और सैफई के बेहद नजदीक है। करहल के मौजुदा विधायक सोबरन सिंह और तेजप्रताप यादव प्रस्तावक के तौर पर मौजूद रहे। कय़ास लगाए जा रहे हैं कि भारतीय जनटा पार्टी करहल से यादव परिवार की बहू अपर्णा यादव को उतार एक तीर से कई निशाने साध सकती है।

अखिलेश यादव ने नामांकन दाखिल करने से पहले ट्वीटर पर लिखा कि 'यह नामांकन एक मिशन है क्योंकि यूपी का ये चुनाव प्रदेश और देश की अगली सदी का इतिहास लिखेगा! आइए प्रोग्रेसिव सोच के साथ सकारात्मक राजनीति के इस आंदोलन में हिस्सा लें।  नकारात्मक राजनीति को हराएं भी, हटाएं भी।  जय हिंद। ' गौरतलब है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने करहल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। जिले में तीसरे चरण में चुनाव प्रस्तावित है। 20 फरवरी को मतदाना होना है।