कोरोना का नया ओमीक्रॉन वेरिएंट के कहर को देखते हुए हवाई सफर पर लग सकता है प्रतिबंध

कोरोना का नया ओमीक्रॉन वेरिएंट के कहर को देखते हुए हवाई सफर पर लग सकता है प्रतिबंध

नई दिल्ली। कोरोना का नया ओमीक्रॉन वेरिएंट दुनियाभर के कई देशों में कहर बरपा रहा है। खासकर दक्षिण अफ्रीका में इसके केस लगातार बढ़ रहे हैं। मुंबई मेयर किशोरी पेडनेकर ने शनिवार को घोषणा की कि दक्षिण अफ्रीका से लौटने वाले प्रत्येक व्यक्ति को शहर में आने पर क्वारंटाइन किया जाएगा और उनके नमूने टेस्ट के लिए लैब भेजे जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए मुंबई हवाई अड्डे पर नए प्रतिबंध जल्द ही लागू होने की संभावना है।

वर्तमान में दक्षिण अफ्रीका और मुंबई के बीच कोई सीधी उड़ान नहीं है। मुंबई के नागरिक निकाय के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त नगर आयुक्त प्रभारी सुरेश काकानी ने कहा, "बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) हवाईअड्डे के अधिकारियों के साथ योजना बन रही है, ताकि मुंबई आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की ट्रैवल हिस्ट्री की जांच की जा सके। इमिग्रेशन काउंटर पर उनके पासपोर्ट के आधार पर टिकटों की जांच की जा सके, इसे तुरंत प्रभावी बनाया जाएगा। वर्तमान में मुंबई में आने वाले किसी भी अंतरराष्ट्रीय यात्री के लिए क्वारंटाइन अनिवार्य नहीं है।

कोरोना वायरस के नए संस्करण ओमीक्रॉन वेरिएंट से निपटने के तरीकों पर निर्णय लेने के लिए नागरिक स्वास्थ्य विभाग शनिवार शाम को एक बैठक भी करेगा। ओमीक्रॉन को विश्व स्वास्थ्य संगठन कोरोना के नए वेरिएंट के रूप में चिन्हित कर चुका है।