यूपी में AAP शुरू करेगी 'तिरंगा शाखाएं', 6 महीने में बनेंगे 10 हजार शाखा प्रमुख

यूपी में AAP शुरू करेगी 'तिरंगा शाखाएं', 6 महीने में बनेंगे 10 हजार शाखा प्रमुख

लखनऊ। आम आदमी पार्टी ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर अंग्रेजों की ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति पर चलते हुए देश को कमजोर करने का आरोप लगाया है। वहीं, राज्‍य की जनता को इसके प्रति होशियार करने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तरह ‘शाखाएं’ शुरू करने का फैसला किया है। आप के राज्यसभा सदस्य और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा प्रायोजित रूप से देश में नफरत की राजनीति को बढ़ावा दे रही है जिससे देश और संविधान कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा जारी रहा तो भारत अपनी मूल पहचान को खो देगा और इस पहचान को बचाना जरूरी है।

आप सांसद ने कहा कि भाजपा की विघटनकारी नीतियों से उत्तर प्रदेश और देश की जनता को जागरूक होकर अपनी बुद्धि और विवेक से आगे बढ़ना होगा। पार्टी इसके लिए पूरे उत्तर प्रदेश में तिरंगा शाखाएं शुरू करेगी। यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाएं बनाम आप की शाखाएं होंगी।